• June 5, 2026 10:43 am

पेट्रोल-डीजल की महंगाई से एक साल बाद मिलेगी राहत! जानिए क्यों घट सकते हैं दाम

Share More

21 अप्रैल 2023 |  देश में करीब एक साल बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत (Petrol and Diesel price) में कटौती की जा सकती है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आखिरी बार पिछले साल अप्रैल में पेट्रोल-डीजल की कीमत में बदलाव किया था। इसके बाद मई में केंद्र ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम की थी। उसके बाद से देश में पेट्रोल-डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है जबकि इस दौरान कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमत में काफी उतारचढ़ाव आया है। अभी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये और डीजल का भाव 89.62 रुपये प्रति लीटर है। कई शहरों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर के ऊपर है। लेकिन चुनावी साल में लोगों को पेट्रोल-डीजल की महंगाई से राहत मिल सकती है। इस साल कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और फिर अगले साल देश में आम चुनाव होंगे।

सूत्रों के मुताबिक तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल पर हुए पुराने नुकसान की भरपाई कर दी है। पेट्रोल की रिटेल बिक्री पर उन्हें हर लीटर पर पांच रुपये का फायदा हो रहा है। डीजल पर भी अब उन्हें मुनाफा होने लगा है लेकिन यह अभी एक रुपये प्रति लीटर से भी कम है। सूत्रों की मानें तो पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने तेल कंपनियों से अपनी सहूलियत और गुंजाइश के हिसाब से पेट्रोल और डीजल की रिटेल कीमत में बदलाव करने की अपील की है

क्रूड की कीमत

हालांकि एक तेल कंपनी के उच्च अधिकारी ने कहा कि जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया जाएगा। बुधवार और गुरुवार को क्रूड की कीमत में करीब दो फीसदी गिरावट आई। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड 0.28 डॉलर यानी 0.35 फीसदी गिरावट के साथ 80.82 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह डब्ल्यूटीआई भी 1.87 डॉलर यानी 2.36 फीसदी की गिरावट के साथ 77.79 डॉलर पर है। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद पिछले साल मार्च में एक समय कच्चे तेल की कीमत 139 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई थी जो 2008 के बाद इसका उच्चतम स्तर था।

 

सोर्स :- “नवभारतटाइम्स”                    

 


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *