• April 26, 2024 6:00 am

मध्यप्रदेश को ऑर्गेनिक स्टेट बनाने के लिये कृषकों को दिलाया गया संकल्प

ByPrompt Times

Sep 1, 2020
मध्यप्रदेश को ऑर्गेनिक स्टेट बनाने के लिये कृषकों को दिलाया गया संकल्प

इंदौर। प्रदेश की पर्यटन, संस्कृति व आध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर ने सोमवार को महू में कृषक मित्रो के साथ कृषि अधिकारियो से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रासायनिक खेती से मुक्ति दिलवाकर जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों और कृषक मित्रो को ऑर्गेनिक स्टेट बनाने का संकल्प दिलाया।  

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जैविक खेती की जानकारी अधिक से अधिक दी जाए, जिससे किसान जैविक खेती की ओर अग्रसर हो। साथ ही उन्होंने कहा कि कृषक मित्रो के माध्यम से शासन की योजनाएं अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाई जाएं।

मानव स्वास्थ्य के लिए जैविक खेती है अत्यन्त लाभदायक

मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि मिट्टी की दृष्टि से देखें तो जैविक खाद के उपयोग से भूमि की गुणवत्ता में सुधार आता है तथा भूमि की जल धारण की क्षमता बढ़ती है। भूमि से पानी का वाष्पीकरण भी कम होता है। जैविक खेती मृदा की उर्वरता एवं कृषकों की उत्पादकता बढ़ाने में पूर्णत: सहायक है। 

 उन्होंने कहा कि ऑर्गेनिक स्टेट के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिले के साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों को जैविक खेती को लेकर प्रशिक्षित किया जाए। ऑर्गेनिक खेती के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं में सब्सिडी का प्रावधान है। जागरूकता के अभाव में किसान इसका लाभ नहीं ले पाते है, किसानों को जागरूक किया जाये। इस अवसर पर सुनील गेहलोत एड्वोकेट,  मनोज पाटीदार, रायबहादुर सिंह तंवर, पुंजलाल निनामा, पीयूष अग्रवाल सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता और किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *