• April 30, 2024 8:45 pm

सरकार ने की कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव योजना की शुरुआत, स्कूल छोड़ चुकीं लड़कियों को शिक्षा से फिर जोड़ा जाएगा

09 मार्च 2022 | अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2022 की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने लड़कियों के लिए एक बड़ी स्कीम लॉन्च की है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से विभिन्न कारणों से स्कूल छोड़ चुकीं लड़कियों को फिर से एजुकेशन सिस्टम से जोड़ने की पहल शुरू की गई है। केंद्र सरकार ने स्कूल न जाने वाली लड़कियों को शिक्षा प्रणाली में वापस लाने के लिए कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव योजना की शुरुआत की है।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव इंदेवर पांडे ने कहा- ‘अभी तक केवल चार लाख स्कूल न जाने वाली लड़कियां ही आंगनबाड़ियों में पोषण, शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रम के लिए आ रही हैं। कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव योजना को शिक्षा मंत्रालय के साथ साझेदारी में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा शुरू किया जा रहा है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने के बाद से स्कूल न जाने वाली लड़कियों को शिक्षा प्रणाली में वापस लाना मुख्य लक्ष्य रहा है’।

पांडे ने कहा कि 2018-19 में 11.88 लाख लड़कियां थीं जो एसएजी योजना के तहत लाभार्थी थीं और 2021 में यह संख्या घटकर 5.03 लाख हो गई। सक्षम आंगनबाड़ी के तहत हमारी नई योजना में, हम केवल 14 से 18 वर्ष के उम्र की लड़कियों को ही लेंगे। वहीं, 11 से 14 वर्ष की लड़कियां नई स्कूली शिक्षा में आंगनबाड़ी प्रणाली में नहीं आएंगी, जो केवल पूर्वोत्तर राज्यों और हमारे सभी आकांक्षी जिलों का ध्यान रखेंगी।

पांडेय ने उम्मीद जताई की कि थोड़े ही समय के अंदर हम एक ऐसी स्थिति में पहुंच जाएंगे जहां हम स्कूल छोड़ चुकी लड़कियों को फिर से औपचारिक स्कूली शिक्षा प्रणाली में शामिल कर पाने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि लड़कों और लड़कियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इस पर ध्यान दिया जा रहा है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं कि कोई भी बच्चा, विशेष रूप से लड़कियां, शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।

Source;- ‘’दैनिक भास्कर’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *