8 मई 2023 ! सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सोमवार को शोध छात्रावास और छात्रसंघ भवन को पीएसी और पुलिस ने खाली करवाया। इस दौरान विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रोफ़ेसर दिनेश कुमार गर्ग भी विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों के साथ मौजूद रहे। यह छात्रावास जीर्णोद्वार के लिए खाली कराया गया है। छात्रों को कई दिनों से खाली करने का आग्रह किया जा रहा था न खाली होने पर पीएसी और पुलिस की मौजूदगी में खाली करवाकर सभी कमरों को सील कर दिया गया।
विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर दिनेश कुमार गर्ग ने बताया कि शासन की तरफ से विश्वविद्यालय के शोध छात्रावास और छात्रसंघ भवन के जीर्णोद्वार का बजट प्राप्त हुआ है। इस सम्बन्ध में सभी छात्रों से हॉस्टल खाली करने को कहा गया था पर हॉस्टल न खाली होने की दशा में चेतगंज पुलिस से आग्रह किया गया था , जिसपर आज पुलिस और पीएसी बल ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए छात्रावास को खाली करवा दिया।
चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि आज सुबह पंडित राम प्रसाद त्रिपाठी शोध छात्रावास और छात्रसंघ भवन को खाली कराया गया। शोध छात्रावास का जीर्णोद्धार कराकर शीघ्र ही शोध छात्रों के लिये आवंटित किये जायेंगे। इसके साथ ही नवीन छात्रावास, गंगा नाथ झां छात्रावास का भी निरीक्षण किया गया।
सोर्स :- ” पत्रिका”
