• April 28, 2024 6:55 pm

बारिश का पानी घर में आने लगा तो 150 जैक लगाकर ऊंचा कर दिया

09  सितंबर 2022 | रोड जब मकान के लेवल में आ गई तो बारिश का पानी घर में घुसने लगा। परेशान मालिक ने हरियाणा की हाउस लिफ्टिंग टीम को बुलाया। 14 मजदूरों की टीम ने 150 जैक लगाकर 30 साल पहले बने मकान को रोड से 3 फीट ऊंचा उठा दिया। मामला दौसा के जड़ाव फाटक की कमलेश्वर कॉलोनी का है।

जैक तकनीक से अब पूरे मकान को ऊपर उठाया भी जा सकता है और आगे-पीछे खिसकाया भी जा सकता है। मकान को उठाने का काम 20 दिन से जारी है। इस तकनीक के बारे सुनकर दौसा में लोगों में काफी उत्सुकता है और कई लोग तो कमलेश्वर कॉलोनी पहुंच रहे हैं।

हरियाणा की NVK हाउस लिफ्टिंग एंड शिफ्टिंग कंपनी मकान को जैक लगाकर ऊंचा उठाने का काम कर रही है। इसके लिए 200 रुपए प्रति वर्ग फीट चार्ज किया है। यानी मकान जितना बड़ा उतना ज्यादा चार्ज। कमलेश्वर कॉलोनी के इस मकान को सवा 3 फीट उठाने में का करीब 4 लाख रुपए का खर्च आएगा। सभी 14 मजदूर यूपी के बहराइच जिले के हैं। खास बात ये कि इस प्रक्रिया में मकान में कोई दरार नहीं आई।

1992 में रोड से 8 फीट ऊंचा बनाया था मकान

कोर्ट में सीनियर रीडर के पद से रिटायर भाड़ारेज निवासी जगदीश मौर्य ने 1992 में कमलेश्वर कॉलोनी में मकान बनवाया था। मकान करीब 2 हजार वर्ग फीट में बना है। उस वक्त मकान की रोड से ऊंचाई 8 फीट थी। कॉलोनी में सड़क का निर्माण हुआ तो मकान और सड़क एक लेवल पर आ गए। ऐसे में बारिश के दिनों में कॉलोनी का गंदा पानी मकान में भरने लगा।

परेशान होकर जगदीश के मन में मकान को ऊंचा कराने का विचार आया। उन्होंने रिश्तेदारों से जयपुर व अजमेर में कई जगह हाउस लिफ्टिंग के बारे में सुना था। पता किया तो हरियाणा की कंपनी की जानकारी मिली। रेट तय होने के बाद एग्रीमेंट हुआ। अब मकान को ऊंचा उठाया जा रहा है। सवा 3 फीट ऊंचा उठाने के बाद नल फिटिंग व फर्श के रिकंस्ट्रक्शन में करीब 8 लाख रुपए खर्च होगा।

ऐसे उठा नींव समेत मकान

मकान के अंदर नींव के पास गड्ढा खोदा गया। फर्श को लगभग तीन फीट यानी नींव से एक फीट नीचे तक खोदा गया। इसके बाद पुरानी नींव के नीचे चारों तरफ एक फीट के 150 जैक लगाए गए। नई नींव बनाई गई। इसके बाद जैक तकनीक से मकान की नींव के नीचे लोहे की एंगल व जैक फिट किए गए।

स्क्रू से जैक को एक-दो सेंटीमीटर ऊपर करते हुए दिनभर में करीब दो से तीन इंच उठाया गया। पिछले 6 दिन में मकान 2 फीट ऊपर उठा। दूसरी और तीसरी बार में जैक लगाकर मकान सवा फीट और उठाया जाएगा। मकान के भीतरी हिस्सों में भी पिलर्स के रूप में भी जैक लगाए गए। काम 2 सितंबर को शुरू हुआ, जो करीब 20 दिन पूरा हो जाएगा।

15 राज्यों में कई मकान किए लिफ्ट

हरियाणा के यमुनानगर की NVK हॉउस लिफ्टिंग एंड शिफ्टिंग कंपनी के संचालक हरिदत्त पिछले 20 साल से यह काम कर रहे हैं। उनकी कंपनी देश के 15 राज्यों में मकानों की लिफ्टिंग एंड शिफ्टिंग कर चुकी है। उनकी 14 लोगों की टीम अधिकतम 25 दिन में काम पूरा कर देती है। वे इससे पहले एक 5 मंजिला बिल्डिंग को भी ऊंचा उठा चुके हैं। साथ ही हरियाणा के झज्जर में एक मंदिर को 51 फीट तक उठा चुके हैं। उनका यह काम इंडिया रिकॉर्ड बुक में भी दर्ज है।

शिफ्ट भी करवा सकते हैं मकान

कंपनी के मैनेजर रजत कुमार ने बताया कि इस तकनीक से मकान आगे-पीछे या दूसरी जगह शिफ्ट भी करवा सकते हैं। शिफ्टिंग के लिए प्रति स्क्वेयर फीट के हिसाब से अलग चार्ज किया जाता है। अगर घर के पीछे या आसपास कहीं खाली जमीन हो तो मकान शिफ्ट हो सकता है। सड़क ऊंची होने और मकान नीचा होने की स्थिति में नाली और बारिश के पानी से बचने के लिए पूरा मकान उठा सकते हैं।

Source:-“दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *