• May 12, 2024 9:03 am

अध्यक्ष पद पर मनाने का आखिरी प्रयास करेंगे, ना के बाद खुद करेंगे नामांकन

22  सितम्बर 2022  | कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव लेकर अधिसूचना जारी होने के साथ ही सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राहुल गांधी से मिलने के लिए केरल के कोच्च‌ि और एर्नाकुलम जा रहे हैं। गहलोत राहुल गांधी से मिलकर आखिरी बार उन्हें अध्यक्ष पद पर नामांकन के लिए मनाने के लिए अपनी बात रखेंगे। राहुल गांधी की हां-ना के बाद गहलोत खुद नामांकन करने के लिए आगे बढ़ेंगे।

गहलोत ने बुधवार को दिल्ली में सोनिया गांधी से करीब दो घंटे तक चर्चा की थी। इसके बाद अब राहुल गांधी से चर्चा करने जा रहे हैं। गहलोत बुधवार रात को मुंबई पहुंचे थे, जहां से आज दोपहर 12 बजे कोच्चि पहुंचेंगे। यहां से राहलु गांधी की यात्रा में एर्नाकुलम और त्रिसूर और चालकुडी तक जाएंगे। गहलोत चालकुडी में नाइट स्टे करेंगे और शुक्रवार वहां से शिरडी जाएंगे। गहलोत शिरडी साईं बाबा के दर्शन करने के बाद स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। गहलोत का शुक्रवार शाम 6 बजे जयपुर लौटने का प्रोग्राम है।

राहुल गांधी नामांकन नहीं करेंगे लेकिन गहलोत फिर भी आखिरी बार मनाएंगे
राहुल गांधी अध्यक्ष बनने से पहले ही इनकार कर चुके हैं। कांग्रेस कम्युनिकेशन सेल के चीफ जयराम रमेश बुधवार साफ कर चुके हैं कि राहुल गांधी 24 से 30 सितंबर तक भारत जोड़ो यात्रा में दिल्ली से बाहर रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नामांकन की तारीखों पर राहुल गांधी दिल्ली में नहीं रहेंगे। इसका मतलब साफ है कि वे अध्यक्ष पद पर नामांकन नहीं करेंगे। राहुल गांधी के इनकार के बावजूद अशोक गहलोत उन्हें मनाने का प्रयास करने जा रहे हैं। खुद गहलोत ने कहा था कि राहुल गांधी को आखिरी बार मनाने करने का प्रयास करूंगा।

राजस्थान को लेकर भी राहुल से चर्चा
राहुल गांधी से अशोक गहलोत की आज होने वाली मुलाकात सियासी रूप से काफी अहम होगी। गहलोत की इस मुलाकात के बाद राहुल गांधी की अध्यक्ष पद पर फाइनल रूप से हा या ना सामने आ जाएगी। राहुल गांधी से गहलोत अध्यक्ष पद पर नामांकन के साथ राजस्थान को लेकर भी चर्चा करेंगे। सचिन पायलट की अगली भूमिका को लेकर भी चर्चा के आसार हैं।

गांधी परिवार की चार पीढ़ियों के साथ काम कर चुके गहलोत आखिरी बार कोशिश करेंगे
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी अब भी गैर गांधी अध्यक्ष बनाने के रुख पर अडिग हैं। लोकसभा में कांग्रेस की हार के बाद मई 2019 के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था और नया अध्यक्ष ढूंढने की बात कही थी। राहुल गांधी का स्टैंड आज भी वही है। अशोक गहलोत को गांधी परिवार की चार पीढ़ियों के साथ काम करने का अनुभव है और वे परिवार के विश्वस्त नेताओं में माने जाते हैं। राहुल गांधी सीनियर नेता के नाते गहलोत की इज्जत करते हैं, इसलिए गहलोत उन्हें मनाने की बात कह रहे हैं।

गहलोत बोले-राहुल गांधी से मैं एक बार और रिक्वेस्ट करूंगा
गहलोत ने बुधवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी को मनाने की बात कही थी। राहुल गांधी को आखिरी बार मनाने जाने के सवाल पर गहलोत ने कहा था- जा रहा हूं मैं, आखिरी बार जाकर मैं एक बार और रिक्वेस्ट करूंगा। मैंने ही प्रस्ताव रखा था प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंदर 4-5 दिन पहले कि राहुल गांधी को अध्यक्ष पद स्वीकार करना चाहिए। हमारी इच्छा है कि अगर एज ए कांग्रेस अध्यक्ष वो यात्रा करते हैं, तो और ज्यादा एक औरा बनेगा पार्टी का। मेरा मानना है, तो मैं जाकर उनसे और बात कर रहा हूं, एक बार और प्रयास करेंगे, उसके बाद में मैं तय करूंगा, तब मैं आपसे मिलूंगा।

सोर्स :- “दैनिक भास्कर”                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *