• May 18, 2024 1:24 am

हेडमास्टर की 3533 पोस्ट खत्म करने से शिक्षक संघ नाराज-कहा-ऊंची पोस्ट पर नहीं पहुंच सकेंगे टीचर्स,11353 लेक्चरार्स सीधे नहीं बन सकेंगे प्रिंसिपल

13 नवम्बर 2021 | राज्य सरकार ने 3533 सेंकडरी स्कूलों में हेडमास्टर की पोस्ट और कैडर को खत्म कर दिया है। साथ ही यह फैसला लिया है कि 11 हजार 353 सीनियर सेकेंडरी स्कूल लेक्चरार वाइस प्रिंसिपल बनेंगे। लेकिन सरकार के इस फैसले का बड़ा नुकसान थर्ड ग्रेड,सेकेंड ग्रेड और लैक्चरार्स को होगा। क्योंकि सेकेंडरी स्कूलों में हेडमास्टर का कैडर खत्म करके थर्ड ग्रेड,सेकेंड ग्रेड टीचर्स और लेक्चर्स के शिक्षा विभाग में ऊंचे पदों पर पहुंचने में बाधा खड़ी कर दी गई है। जो टीचर्स और लेक्चरार्स सीधी भर्ती से हेडमास्टर बन जाते थे, अब वो हेडमास्टर नहीं बन पाएंगे। वाइस प्रिंसिपल या प्रिंसिपल के लिए सीधी भर्ती का भी कोई प्रोविजन नहीं किया गया है। जिससे शिक्षकों की राजनीति गरमा गई है।

योग्य और युवा शिक्षकों के ऊंची पोस्ट पर पहुंचने में होगी बाधा-कृष्ण गोदारा

राजस्थान शिक्षा सेवा परिषद (रेसा) के प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण गोदारा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि सेकेंड ग्रेड,थर्ड ग्रेड और नए लेक्चरार्स में हेडमास्टर की पोस्ट्स खत्म करने के फैसले का भारी रोष है। क्योंकि उनके हेडमास्टर पद पर सीधी भर्ती का प्रोविजन खत्म कर दिया है। वाइस प्रिंसिपल पद पर भी सीधी भर्ती नहीं होगी। इससे योग्य और युवा शिक्षकों के अवसर खत्म हो गए हैं। सरकार से डिमांड है कि 50 फीसदी सीधी भर्ती वाइस प्रिंसिपल पद पर की जाए और 50 फीसदी व्याख्याताओं से पदोन्नति दी जाए। वरना भविष्य में शिक्षा विभाग के ऊंचे पद भविष्य में खाली रहने की आशंका पैदा हो गई है।

पहले प्रिंसिपल की 6600 ग्रेड पे पर प्रमोशन होता था,अब वाइस प्रिंसिपल की 5400 ग्रेड पे मिलेगी

गोदारा ने कहा कि हेड मास्टर की पोस्ट खत्म होने के बाद लेक्चरार्स को वाइस प्रिंसिपल लगाया जाएगा। वाइस प्रिंसिपल की भी ग्रेड पे हेडमास्टर के बराबर 5400 रुपए ही होगी। लेकिन पहले 4800 ग्रेड पे वाला लेक्चरार 6600 ग्रेड पे के साथ प्रिंसिपल पोस्ट पर जाता था। यानी उसका 5400 ग्रेड पे की बजाय सीधा 6600 ग्रेड पे की पोस्ट पर एक तरह से डबल प्रमोशन होता था। अब उन्हें प्रिंसिपल बनने के लिए वाइस प्रिंसिपल पोस्ट पर इंतजार करना पड़ेगा।

हेडमास्टर का कैडर खत्म होने से शिक्षकों को नुकसान-विपिन प्रकाश शर्मा

राजस्थान प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि हेडमास्टर का कैडर समाप्त होने से जो थर्ड ग्रेड के टीचर्स सीधी भर्ती से हेडमास्टर बन जाते थे, अब वो हेडमास्टर नहीं बन पाएंगे। ऐसे में सरकार को प्रिंसिपल पद पर भी सीधी भर्ती लागू करनी चाहिए।

सरकार ने यह लिया है फैसला

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 3533 सेकेंडरी स्कूलों में हेडमास्टर्स की पोस्ट खत्म करने का फैसला लिया है। हेडमास्टर्स के कैडर को डाइंग कैडर घोषित किया जाएगा। इन स्कूलों में अब नई पोस्ट क्रिएट कर प्रिंसिपल लगाए जाएंगे। जबकि 11 हजार 353 गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में वाइस प्रिंसिपल की पोस्ट क्रिएट की जाएंगी। सरकार ने यह भी फैसला लिया है कि बीएड कर रहे जिन कैंडिडेट्स का रिजल्ट रीट-2021 के परीक्षा परिणाम से पहले घोषित नहीं हो सका।उन्हें राजस्थान प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में टीचर्स की डायरेक्ट भर्ती में शामिल करने का रास्ता खोला जाए। इसके लिए उन्हें आवेदन की आखिरी तारीख तक एजुकेशनल और ट्रेनिंग योग्यता हासिल करने का मौका दिया जाएगा। इस फैसले से बीएड कर रहे कैंडिडेट्स टीचर्स की डायरेक्ट भर्ती में पात्रता हासिल कर लेंगे।

मंत्री डोटासरा बोले शिक्षकों की लम्बे समय से थी प्रमोशन की मांग

सीएम निवास पर शुक्रवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि शिक्षकों की लम्बे समय से प्रमोशन के अवसर बढ़ाने की मांग थी। इस फैसले से प्रदेश के हजारों लेक्चर्स का प्रमोशन हो सकेगा।

Source :-“दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *