• April 26, 2024 7:08 am

मंत्री भारत सिंह ने दिया जीत का प्रमाण पत्र,

30 जुलाई 2022  जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कुंवर दुर्गेश जाटव व उपाध्यक्ष पद के लिए प्रियंका सत्येंद्र घुरैया निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। जिला पंचायत चुनाव से साफ हो गया कि भाजपा में गुटबाजी का खेल अब बड़े स्तर पर शुरू हो गया। पंच-सरपंच व जनपद के चुनाव में यह खेल साफतौर पर नजर आया। जिला पंचायत के चुनाव में 13 में से आठ सदस्य भाजपा के निर्वाचित हुए थे। कांग्रेस के सिर्फ तीन सदस्य चुने गए थे। एक निर्दलीय व एक बसपा से जुड़ा प्रत्याशी जीता था। कांग्रेस अपने तीन सदस्य लेकर दर्शकदीर्घा में जाकर पहले बैठ गई थी। मैदान साफ था। बगैर किसी दांव-पेंच के भाजपा का जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुना जाना तय था। आंतरिक गुटबाजी शुरू होते ही चुनाव पेंचीदा हो गया। स्पष्ट रूप से भाजपा में अपने-अपने खेमे का जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने का खेल शुरू हो गया। इसका खमियाजा भाजपा को ही उठाना पड़ा है। स्पष्ट बहुमत होने के बाद भी उपाध्यक्ष पद निर्दलीय को देना पड़ा। यह गुटबाजी का दर्द भाजपा को विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी महसूस होगा। उधर राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह के द्वारा जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रियंका घुरैया काे जीत का प्रमाण पत्र दिए जाने काे लेकर कांग्रेस ने प्रशासन पर ट्वीट कर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े किए हैं।

दो मंत्री व पूर्व मंत्री आमने-सामनेः जिला पंचायत अध्यक्ष व जनपद में अपने-अपने खेमे के लोगों को बैठाने के लिए राजनीति शुरू हो गई। एक तरफ से कमान प्रदेश के दो मंत्रियों ने गठजोड़ कर संभाल ली। दूसरी तरफ से पूर्व मंत्री ने मोर्चा संभाल रखा था। पूर्व मंत्री डबरा, भितरवार के साथ घाटीगांव जनपद में अपने लोगों को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर बैठाने में सफल हो गईं। दूसरे खेमे का नेतृत्व कर रहे दोनों मंत्री मुरार जनपद व जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनवाने में सफल हो पाए। पूर्व मंत्री ने डबरा जनपद सदस्यों की परेड दिल्ली ले जाकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने कराई थी।

ऐसे चला खेल : पूर्व मंत्री ने नेहा परिहार को जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए निर्वाचित कराने गिरगांव महादेव मंदिर पर सदस्यों के बीच कसम दिलवाई थी। नेहा परिहार वैसे प्रदेश के गृहमंत्री के खेमे के बंटी गौतम के माध्यम से जुड़ी हुई थीं। जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए उन्होंने पूर्व मंत्री इमरती देवी का पाला पकड़ लिया। इसकी भनक लगते ही प्रदेश के राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से गठजोड़ कर लिया और सात सदस्यों को दुर्गेश कुंवर जाटव के नाम पर सहमति बनाने के लिए भोपाल ले गए। लगभग पखवाड़े तक इन सदस्यों को भोपाल के एक होटल में रखा। अंतत: भारत सिंह अपने खेमे की दुर्गेश जाटव को अध्यक्ष और प्रियंका घुरैया को उपाध्यक्ष बनवाने में सफल हो गए।

सात सदस्य पहुंचे चुनाव में भाग लेने के लिएः इस गुटबाजी के चलते जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाग लेने के लिए 13 में से केवल सात सदस्य ही दुर्गेश कुंवर जाटव, प्रियंका सत्येंद्र घुरैया, अंजू आलोक शर्मा, नेहा परिहार, मेंदा बाई जितेंद्र रावत और कांग्रेस की माया देवी भूपेंद्र गुर्जर पहुंचीं। माया देवी जिला पंचायत निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद सभागार में पहुंची। ग्रामीण के अध्यक्ष कौशल शर्मा भी जिला पंचायत कार्यालय में मौजूद थे। इस पर भारत सिंह का कहना था सब इधर-उधर ही थे।

नेहा परिहार बोलीं- जो संगठन बोलेगा, वह मैं करूंगीः जिला पंचायत अध्यक्ष की दौड़ में शामिल नेहा परिहार का कहना है कि सुबह मुझे पता चल गया था कि संगठन ने दुर्गेश जाटव का नाम तय कर दिया था। उसके बाद से मैं उनके साथ हूं। जो संगठन कहेगा वो, हम करेंगे। मैंने भी अध्यक्ष पद के लिए प्रयास किया, लेकिन वरिष्ठजनों ने उनका नाम तय किया। उस पर मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं अब उनके साथ मिलकर काम करूंगी।

भारत सिंह बोले- इमरती देवी द्वारा किए प्रयासों के संबंध में मुझे कोई जानकारी नहींः जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर दुर्गेश जाटव व उपाध्यक्ष पद के लिए प्रियंका घुरैया के निर्विरोध निर्वाचित होने के उपरांत भारत सिंह जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। पीठासीन अधिकारी कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने राज्य मंत्री की मौजूदगी में दोनों को जीत के प्रमाण-पत्र दिए। इस जीत के बाद भारत सिंह ने कहा कि दोनों निर्वाचित सदस्यों को सभी सदस्यों ने समर्थन दिया है। संगठन ने दोनों उम्मीदवारों के संबंध में मेंडेट जारी किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की सहमति से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। पूर्व मंत्री इमरती देवी द्वारा किए प्रयासों के संबंध में भारत सिंह ने कहा कि मेरी जानकारी में नहीं हैं।

Source;-“नईदुनिया”     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *