• May 8, 2024 12:06 am

आज बिलासपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन, CM के बाद प्रभारी पुनिया लेंगे रिपोर्ट

20  सितंबर 2022 | 2018 विधानसभा चुनाव में बिलासपुर की हारी हुई सीटों को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के फीडबैक लेने के बाद अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी पीएल पुनिया कार्यकर्ताओं से रिपोर्ट लेंगे। यही वजह है कि मंगलवार को बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन और बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधयों के साथ ही संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। यहां कार्यकर्ताओं के माध्यम से सिटिंग विधायकों के कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।

मंगलवार सुबह 12 बजे से कांग्रेस भवन में आयोजित इस सम्मेलन और बैठक में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष मोहन मराकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया और प्रदेश के प्रभारी सचिव सप्तगिरी उल्का मौजूद रहेंगे। 2018 में कांग्रेस जिन चार विधानसभा सीटों में हारी थी, उसमें मस्तूरी, बेलतरा, कोटा और बिल्हा शामिल हैं।

इन 4 सीटों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी और संगठन के नेताओं की नजर है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगठन के पदाधिकारियों को CM हाउस बुलाकर फीडबैक लिया था। अब जैसे-जैसे समय बीत रहा है वैसे ही कांग्रेस की चुनावी तैयारियां भी तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता सम्मेलन और बैठक में पुनिया कांग्रेस के नेता कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। इसके साथ ही सिटिंग विधायकों के कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।

ये पदाधिकारी शामिल होंगे

कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने बताया कि सम्मेलन में बिलासपुर,तखतपुर, बिल्हा, बेलतरा, मस्तूरी ,कोटा विधानसभा से निर्वाचित जन प्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही प्रदेश पदाधिकारी, संसदीय सचिव, विधायक, अपैक्स बैंक, पर्यटन मंडल अध्यक्ष, महापौर, ज़िला पंचायत अध्यक्ष, मत्स्य बोर्ड, योग आयोग के उपाध्यक्ष, सदस्य, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याशी, ज़िला कांग्रेस कार्यकारिणी, शहर कार्यकारिणी, एमआईसी सदस्य, पार्षद, एल्डरमैन, ज़िला पंचायत, जनपद पंचायत सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी , महिला कांग्रेस ,सेवादल, युवा कांग्रेस, NSUI, सभी ज़ोनअध्यक्ष, आईटी सेल, सोशल मीडिया सहित सभी विभाग, मोर्चा, प्रकोष्ठ के पदाधिकारी शामिल होंगे।

2 दिन पहले आए हैं पुनिया

2 दिन पहले ही प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया रायपुर पहुंचे थे। इस बार पुनिया प्रदेश की उन सीटों का दौरा कर कार्यकर्ताओं और नेताओं से बात कर रहे हैं, जिन सीटों में कांग्रेस हार गई थी। इसी कड़ी में उन्होंने 18 सितंबर को भाटापारा में बैठक ली थी। इसके बाद बलौदाबाजार में भी उनका यही कार्यक्रम था। अब मंगलवार को बिलासपुर में वो स्थानीय नेताओं से चर्चा करने वाले हैं।

पिछले चुनाव में क्या हुआ था

2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बिलासपुर जिले की बिलासपुर और तखतपुर विधानसभा सीट पर ही जीत पाई थी। इसके अलावा कोटा, बिल्हा, बेलतरा और मस्तुरी में उसे हार का सामना करना पड़ा था। बिलासपुर से वर्तमान में शैलेष पांडेय विधायक हैं। उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता अमर अग्रवाल को 11 हजार से अधिक वोटों से हराया था। इस क्षेत्र में यह कांग्रेस की बड़ी जीत थी।

Source:-“दैनिक भास्कर”        

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *